
धनबाद में गैंगस्टरों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। बात चाहे वासेपुर के फरार गैंगस्टर प्रिंस खान की हो या धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह की हत्या में धनबाद जेल में बंद गैंगस्टर अमन सिंह की। हाल के महीनों में पुलिस ने दोनों ही गैंगस्टरों के लिए दहशत फैलाने का काम करने वाले दर्जनों गुर्गों को सलाखों के पीछे किया है। आज बात करेंगे गैंगस्टर अमन सिंह गिरोह की। धनबाद जेल में बंद अमन सिंह के गुर्गे दिनेश कुमार गौड़ और छोटू सिंह उर्फ राहुल को अब गुजरात की जेल में भेजने की तैयारी है। हाल मे ही गुजरात में एक भाजपा नेता की हत्या में अमन सिंह गिरोह के गुर्गों का नाम आया था। पुलिसिया अनुसंधान में यह पता चला कि दिनेश गौड़ और छोटू सिंह उर्फ राहुल भी भाजपा नेता की हत्या में शामिल थे। हत्याकांड में नाम आने के बाद गुजरात पुलिस सक्रिय हुई। धनबाद पुलिस से संपर्क साधा और दोनों के बारे में जानकारी ली। बताया जाता है कि गुजरात पुलिस की एक टीम धनबाद पहुंच चुकी है। किसी भी दिन उनको गुजरात लेकर जा सकती है। कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अभी तक अपराध रोकने के लिए कई हत्याकांडों में आरोपी इन गुर्गों को झारखंड के जेलों में शिफ्ट किया जाता रहा है पर यह पहली बार होगा कि इनको झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों में लेकर जा जाएगा। रंगदारी के बल पर वसूले गये करोड़ों रूपयों से ये झारखंड में सफेदपोशों को भी मैनेज करने का दावा कर अपना रूतबा बनाये हुए थे लेकिन गुजरात जाने की सूचना पर इनको अब इनकाउंटर तक का भय सता रहा है। जेल सूत्रों के अनुसार इन दोनों को अंदेशा है कि यूपी के गैंगस्टर अतीक अहमद और विकास दुबे की तरह इनका भी इनकाउंटर किया जा सकता है।
