
धनबाद : लोकसभा चुनाव में अभी 8 माह से अधिक का समय बचा हुआ है। झारखंड की कुल 14 लोकसभा सीट के लिए वर्तमान सांसदों के अलावा और भी कई दावेदार अपनी जुगत भिड़ाने में लगे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 14 में से 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा के अंदरखाने में चर्चा है कि 75 साल के दावेदारों का इस बार पत्ता साफ होगा। इसी के मद्देनजर धनबाद लोकसभा सीट के लिए भी वर्तमान सांसद पशुपतिनाथ सिंह के अलावा कई दावेदारों ने अपनी दावेदारी आलाकमान के पास पेश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
यह वायरल वीडियो 20 जुलाई 2023 का है। धनबाद परिसदन में हेमंत सोरेन और झारखंड सरकार की कार्यशैली पर हमला बोलने के लिए बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया था। प्रेस कांफ्रेंस के बाद पत्रकारों के बीच ही किसी बात पर विधायक ढुल्लू महतो कहते हैं कि सर्वे करा लीजिए। एक नंबर पर मेरा नाम आयेगा। फिर इस वीडियो में किसी की आवाज आती है कि कौन सी सीट आपकी पसंद है, तो विधायक ढुल्लू कहते हैं कि पार्टी की पसंद ही उनकी पसंद है। इस वीडियो के बाद धनबाद के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर कुछ भाजपाई इस वीडियो पर अपनी-अपनी राय भी आपस में बांट रहे थे। कुछ का कहना था कि विधायक जी विधानसभा का चुनाव तो किसी तरह गिरते पड़ते जीते। 1000 वोट का भी अंतर नहीं था। अब लोकसभा के लिए भी तैयारी कर रहे हैं। अभी हाल में ही एक अखबार में विज्ञापन छपवा कर कहा गया था कि धनबाद की जनता उन्हें सांसद के रूप में देखना चाहती है। इसी बीच एक भाजपाई ने व्यंग्य करते हुए कहा कि आपलोग समझ ही नहीं पा रहे हैं। विधायक जी ठीक बोल रहे हैं कि सर्वे करा लीजिए,एक नंबर पर नाम आयेगा। विधायक जी अपने ऊपर चल रहे आपराधिक मामलों के सर्वे की बात कर रहे हैं। पूरे लोकसभा में उनपर जितना केस है उतना किसी नेता पर नहीं है। अभी हाल में ही हाईकोर्ट में धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार ने उनका आपराधिक लेखा-जोखा पेश किया था। हाफ सेंचुरी लगाने से दो कदम पीछे खड़े हैं विधायक जी। खैर अब देखना दिलचस्प होगा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में किस पार्टी भरोसा जताती है और वह पार्टी की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है।
