अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोयला राजधानी धनबाद भी योग की रंग में रंगा हुआ है। जिला प्रशासन की ओर से सिंफर ग्राउंड में योग शिविर का आयोजन किया गया। यहां मुख्य रूप से उपायुक्त संदीप सिंह, उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। उपायुक्त ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बेहतर तन और मन के लिए योग बहुत ही महत्वपूर्ण साधन है। पूरे विश्व में योग की लोकप्रियता बढ़ी है। उप विकास आयुक्त ने कहा कि योग शरीर को निरोग करता है। विभिन्न मानसिक परेशानियों को भी दूर करता है। कार्यक्रम सुबह 6:30 बजे से होना था, लेकिन हल्की बूंदाबांदी के कारण लगभग 1 घंटे विलंब से शिविर शुरू हुआ। इसके बावजूद शिविर में काफी संख्या में लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान प्राणायाम, कपालभाती, अनुलोम- विलोम समेत अन्य योग के विभिन्न आयाम लोगों ने सीखे।
