
पालोजोरी : कहते हैं जब कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो उम्र भी मायने नहीं रखती। कुछ ऐसा ही जज्बा इन दिनों पालोजोरी मुख्यालय से सटे ठेंगाडीह गांव के वृद्ध किसान कैलाश साह में देखने को मिल रहा है। अपनी एक एकड़ जमीन पर खुद की निगरानी में उन्होंने मनरेगा से आम बागान का काम करवाया है, साथ ही यहां सिंचाई कूप का काम भी तेजी से चल रहा है। आम के पेड़ यहां तेजी से बढ़ते नजर आ जाएंगे। उन्नत कृषि की दिशा में आगे बढ़ते हुए वह अब यहाँ पशुपालन भी शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए वह मनरेगा से पशु शेड और बकरी शेड की मांग विभाग से कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कृषि से लगाव उनको बचपन से ही है। वह उन्नत और स्थापित कृषि करना चाहते हैं। उन्नत कृषि के जरिये वह लोगों को रोजगार भी देना चाहते हैं। विभागीय मदद से वह उन्नत कृषि का एक उदाहरण पेश करना चाहते हैं।
