3:42 PM on 03 April 2021,Saturday
जमशेदपुर: कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर कायम है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शनिवार को 2718 नमूनों की जांच में 93 नए संक्रमित मिले हैं। इसमें शहर के दो डाक्टर भी शामिल हैं। गुरुवार को 121 और शुक्रवार को 71 संक्रमित मिले थे। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की संख्या 19,070 हो गई है।
शहर के करीब 12 हजार लोग पिछले 10 महीने में संक्रमित हो चुके हैं। वहीं सुखद बात यह है कि संक्रमित लोग स्वस्थ भी हो रहे हैं। शनिवार को अस्पतालों में इलाजरत 31 मरीजाें को छुट्टी दी गई। अब तक जिले में 18,219 मरीज कोरोना संक्रमण् से मुक्त हो चुके हैं। कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की पहल पर जिले में टीकाकरण अभियान तेज हो गया है। शुक्रवार को जिले के विभिन्न टीकाकरण केंद्र पर 4,040 ने पहला और 339 ने कोरोना वैक्सीन का दूसरा डोज लिया। अब तक जिले के 90,029 लोग पहला और 19,465 लोग टीके का दूसरा डोज ले चुके हैं।